‘संदेशा आया है, कन्हैया आएंगे..'जैसे भजनों से गूंजा मंदिर परिसर,

गोण्डा - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ददुआ बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय रात 12 बजते ही पूरा मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने जन्मोत्सव की खुशी में जमकर उत्सव मनाया।जन्मोत्सव से पूर्व मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों रोहित शर्मा, गोकुल चंद शर्मा, पुनीत बंसल,विशाल बंसल,अंकित लवी,आलोक भावसिंहका और दौलत शर्मा सहित अन्य भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

‘वो बड़ी देर भई नंदलाला, वो तेरी राह कटे व्रजवाला...’, ‘गोविंद चले आओ, गोपाल चले आओ...’, ‘संदेशा आया है, कन्हैया आएंगे...’ तथा ‘आएगा, आएगा, आएगा, लीले चढ़ सांवरा...’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। बाबा-दादी का दरबार भी बेहद मनमोहक रूप से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका, सचिव सुशील पचेरिया, योगेश मित्तल, आशीष भावसिंहका सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.