डीजे के साथ कांवड़ यात्रा पर जा रहे ट्रैक्टर-ट्राला से गिरा किशोर,पहिया चढ़ने से मौत
गोंडा - तरबगंज थाना तरबगंज क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर बाजार के पास कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे के साथ ट्रैक्टर-ट्राला पर बैठकर दुखहरनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे एक 14 वर्षीय किशोर की ट्रैक्टर-ट्राला से गिरने के बाद पहिया चढ़ने से मौत हो गई। हादसे के बाद कांवड़ यात्रा में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान नीरज यादव (14) पुत्र राम प्रकाश यादव, निवासी ग्राम पंचायत नरसड़ा, थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया गया कि नीरज अपने साथियों के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होकर दुखहरनाथ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहा था। इसी दौरान आजाद नगर बाजार के पास ट्रैक्टर-ट्राला में अचानक झटका लगने से वह पीछे की ओर से नीचे गिर गया। इसी दौरान ट्राला का पहिया उसके शरीर के हिस्से पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार नीरज अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि किशोर ट्रैक्टर-ट्राला पर पीछे बैठा था। झटका लगने के कारण वह नीचे गिर गया और ट्राला का पहिया उसके शरीर के हिस्से पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - शिवराम पांडे
No Previous Comments found.