17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, लिया जाएगा विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प
गोंडा : सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर को शाम 7 बजे जनपद में घरों, प्रतिष्ठानों, सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर को सेवा दिवस के अवसर पर जनपदवासी अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान से जुड़ेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक सप्ताह तक विशेष शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का समाधान तथा पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने सभी नोडल अधिकारियों को अभियान से संबंधित तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा अपने विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डीएम को अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिये।
अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’ तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने, उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा और सुशासन की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा।
बैठक में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष, मा. विधायक गौरा, मा. एमएलसी गोण्डा/बलरामपुर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मा. सांसद गोण्डा/केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल
No Previous Comments found.