बर्तन उठाते समय 24 वर्षीय युवक को विद्युत करंट लगा
मनकापुर - गोण्डा बर्तन उठाते समय 24 वर्षीय युवक को विद्युत करंट लग गया। सीएससी पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना शुक्रवार की है। ग्राम पंचायत हरदवा के मजरा रतनपुर निवासी महेंद्र मौर्या पुत्र बृजलाल (24) नगर पंचायत मनकापुर के कस्बा सुभाष नगर स्थित हनुमान गुप्ता कैटरर्स के यहां मजदूरी करता था।बताया गया कि शुक्रवार को महेंद्र बर्तन उठाकर कमरे से बाहर रख रहा था। इसी दौरान वहां टूटा हुआ विद्युतबोर्ड का केबल उसे छू गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। कैटरर्स के लोगों ने उसे तुरंत सीएससी मनकापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर आलोक चौधरी ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - बी के ओझा

No Previous Comments found.