सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
तरबगंज - गोंडा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर शनिवार को तहसील तरबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी गोण्डा प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से जुड़े फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने एक-एक कर शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता के अनुसार मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने राजस्व लेखपालों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली को लेकर तहसीलदार आशुतोष पांडे से सवाल किया। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों की समयबद्ध जांच कराकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें,ताकि फरियादियों को समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उपस्थित कर्मचारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - शिवराम पांडे

No Previous Comments found.