चकमार्ग की पैमाइश के दौरान मारपीट, दो भाई घायल
गोंडा : थाना तरबगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनहना के मजरा मनियाएं में चकमार्ग, नाली एवं नवीन परती की भूमि को खाली कराने को लेकर चल रहे विवाद में पैमाइश के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दो भाइयों के घायल होने की बात सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने विपक्षियों पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे, लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया है।
मनियाएं निवासी सार्थक सिंह पुत्र स्वर्गीय नारंग सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर चकमार्ग, नाली एवं नवीन परती की भूमि की पैमाइश कराकर उसे खाली कराने की मांग की थी। इसी शिकायत के क्रम में क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व निरीक्षक (आरआई) द्वारा मौके पर पैमाइश की जा रही थी। सार्थक सिंह का आरोप है कि पैमाइश सरहद से नहीं की गई, जिसके चलते उन्होंने नाप को स्वीकार नहीं किया।
आरोप है कि इसके बाद लेखपाल और आरआई विपक्षी पक्ष के घर पर बैठे थे। इसी दौरान सार्थक सिंह ने उनकी फोटो खींच ली। आरोप है कि फोटो खींचे जाने से नाराज विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में सार्थक सिंह और उनके भाई सुधीर सिंह को चोटें आईं।
घटना को लेकर सुधीर सिंह पुत्र स्वर्गीय नारंग सिंह ने थाना तरबगंज में तहरीर दी। तहरीर में कमलेश कुमार सिंह पुत्र हरिनाम सिंह, अमरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र कमलेश कुमार सिंह, राजेश सिंह पुत्र हरिनाम सिंह और जयप्रकाश पुत्र हरिनाम सिंह निवासीगण मनियाएं पर गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों एवं लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना 21 सितंबर 2026 की शाम करीब पांच बजे की बताई गई है।
थाना प्रभारी श्रीधर पाठक ने बताया कि मारपीट में चोटें आई हैं। मामले में एनसीआर दर्ज कर ली गई है तथा घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरबगंज भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे
No Previous Comments found.