प्राकृतिक आपदा से पीड़ितों को राहत की मांग, सपा ने सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
गोण्डा - पिछले कई दिनों से हो रही तेज बारिश, आंधी और अंधड़ के कारण तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में फसलों समेत जनजीवन को हुए नुकसान को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उप जिलाधिकारी को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत दिलाने के साथ क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था एवं आवागमन को शीघ्र बहाल कराने की मांग की। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं सपा के वरिष्ठ नेता रामभजन चौबे के नेतृत्व में सौंपे गए मांगपत्र में कहा गया कि तहसील एवं विधानसभा क्षेत्र तरबगंज में लगातार तेज हवाओं, अंधड़ और भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर और कस्बों के साथ सरयू नदी के तटवर्ती मांझा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ पशुपालकों के सामने मवेशियों के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है।
सपा नेताओं ने मांग की कि तेज बारिश और हवाओं के कारण गन्ना, धान और मक्का की फसलों के गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार अनुदान एवं मुआवजा दिलाया जाए। जलभराव के कारण फूस के मकानों और पशुशालाओं के गिरने से प्रभावित परिवारों को भी राहत उपलब्ध कराने की मांग की गई।
मांगपत्र में तेज हवाओं से गिरे हजारों पेड़ों के कारण बाधित मार्गों को साफ कर आवागमन बहाल कराने तथा बिजली के खंभे गिरने से ठप विद्युत आपूर्ति को तत्काल दुरुस्त कराने की भी मांग की गई।
इस दौरान केटी तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, विजय सिंह टिंटू, प्रदेश सचिव दिनेश यादव, जिला उपाध्यक्ष, मनोज चौबे, सपा नेता तथा विवेक सिंह बाबा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष छात्र सभा सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मांगपत्र देने वालों में देव मणि तिवारी, अंकुर तिवारी, रिंटू सिंह, रोहित चौबे, धर्मेंद्र तिवारी, दिलीप पांडे, सूबेदार चौबे, बृजेश चौबे, कालिका प्रजापति आदि शामिल रहे।
रिपोर्टर - शिवराम पांडे

No Previous Comments found.