ग्राम रोजगार सेवकों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर विधायक को सौंपा ज्ञापन
तरबगंज, गोंडा : ग्राम रोजगार सेवक एकता मंच, जिला गोंडा के बैनर तले शनिवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय को सौंपा। रोजगार सेवकों ने अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।ज्ञापन में ग्राम रोजगार सेवकों ने कहा कि मनरेगा योजना के सफल संचालन में वे ग्रामीण स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद कई वर्षों से अल्प एवं अनिश्चित मानदेय, लंबित भुगतान तथा सामाजिक सुरक्षा के अभाव के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
रोजगार सेवकों की प्रमुख मांगों में वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2026-27 तक के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान, भविष्य में 24 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय निर्धारित करने, एचआर पॉलिसी लागू करने, पृथक बजट से मानदेय का भुगतान करने तथा पदनाम बदलकर "ग्राम विकास सहायक" किए जाने की मांग शामिल है। इसके अलावा अतिरिक्त कार्य के लिए पृथक प्रोत्साहन व भत्ता देने, लंबित ईपीएफ का भुगतान करने तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत मानदेय वृद्धि को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और समस्याओं के समुचित निस्तारण के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।इस दौरान गिरजेश कुमार पांडेय, सुनील कुमार मिश्र, अखिल तिवारी, संजय श्रीवास्तव, लक्ष्मण पांडेय, सुधीर कुमार पांडेय, दिवाकर सिंह, दिलीप कुमार, स्वामीनाथ यादव, परिभा पांडेय, सहदेव यादव, विजय कुमार, गंगा प्रसाद यादव, राजकुमार शुक्ला, महेश कुमार, दयाशंकर, तिलकराम, अर्जुन कुमार गौड़, कृष्ण कुमार, जगन्नाथ वर्मा, आशीष, मनीष कुमार, संतोष कुमार, नरेंद्र कुमार (बेलसर), जयप्रकाश वर्मा, मदनलाल यादव, अशोक कुमार, अखिलेश प्रसाद मिश्र और भगवान कुमार यादव सहित तहसील क्षेत्र के ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे

No Previous Comments found.