दौड़ लगाने निकले एक किशोर को छुट्टा सांड ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया
मनकापुर, गोण्डा : शनिवार सुबह दौड़ लगाने निकले एक किशोर को छुट्टा सांड ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंबरपुर के मजरा खेसरी का है। गांव निवासी अरुण कुमार (13) पुत्र नेब्बू लाल प्रतिदिन की भांति शनिवार सुबह घर से दौड़ लगाने निकला था। इसी दौरान सामने से आ रहे छुट्टा सांड ने उस पर हमला कर दिया और पटक-पटक कर मार डाला। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंचे 112 के जवानों ने देखा कि बच्चे की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि मृतक गांव के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा 8 का छात्र था।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है।वहीं सूचना मिलने पर एडीओ पंचायत गणेश प्रताप सिंह व सचिव उमेश चंद्र द्विवेदी मृतक के घर पहुंचे और हर संभव मदद व छुट्टा सांड को पकड़वाने का आश्वासन दिया।इस संबंध में सीडीओ गोंडा दयानंद ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में अभियान चलाकर छुट्टा सांडों को पकड़वाया जाएगा।
रिपोर्टर : बी के ओझा

No Previous Comments found.