05-06 अक्टूबर को आकांक्षात्मक विकास खण्डों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे शासन के नामित नोडल अधिकारी
गोंडा : प्रदेश के आकांक्षात्मक विकास खण्डों में विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति एवं परिलक्षित परिवर्तनों का भौतिक सत्यापन करने के लिए शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारियों का 05 एवं 06 अक्टूबर, 2026 को जनपद गोण्डा में स्थलीय निरीक्षण प्रस्तावित है। प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के 30 सितम्बर, 2026 के निर्देशों के क्रम में जनपद के तीन आकांक्षात्मक विकास खण्डों के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
जनपद के बभनजोत विकास खण्ड के लिए सुश्री जसजीत कौर (बैच-2012), प्रबन्ध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन, लखनऊ को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसी प्रकार पंडरी कृपाल के लिए सुश्री अर्चना वर्मा (बैच-2014), मुख्य कार्यपालक अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, लखनऊ तथा रुपईडीह के लिए श्रीमती कृतिका शर्मा (बैच-2014), विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारियों द्वारा आकांक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों का स्थलीय सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक कर विकास खण्डों में संचालित विभिन्न योजनाओं की स्थिति, उपलब्धियों एवं प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
शासन के निर्देशों के अनुसार सम्बन्धित अधिकारियों को सभी आवश्यक अभिलेख एवं आंकड़े पूर्ण तथा अद्यतन रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान विकास खण्डवार योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा धरातल पर हुए बदलावों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाएगा। साथ ही, आकांक्षात्मक विकास खण्डोंश्र में संचालित योजनाओं से संबंधित विकास खण्ड अधिकारी, Aspirational Block Fellow एवं CM Fellow सहित संबंधित अधिकारियों की भी निरीक्षण कार्यक्रम में आवश्यक भूमिका रहेगी।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.