जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा जिला पंचायत सभागार में प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित-
गोंडा : आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद गोंडा में कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 08.10.2026 को जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा प्रशासनिक/पुलिस अधिकारियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था, आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित करते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारीगण द्वारा कहा गया कि जनपद में सभी समुदायों के लोग अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक/भड़काऊ सामग्री का प्रसार न किया जाए तथा ऐसी किसी भी सूचना के प्रसारित होने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को अवगत कराया जाए। बैठक में त्योहारों के दौरान जुलूस/शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग, धार्मिक स्थलों के आसपास की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में निरंतर भ्रमण एवं पेट्रोलिंग करते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा विवाद की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि त्योहारों को प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी समन्वय के साथ मनाएं तथा कानून एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और अफवाहों को फैलाने से बचें। बैठक के दौरान उपस्थित धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत व्यक्तियों द्वारा प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग प्रदान करने तथा जनपद में शांति, सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया गया। गोण्डा पुलिस द्वारा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार भ्रमण, निगरानी एवं आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.