शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित को दिए आवश्यक निर्देश

गोंडा - पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना इटियाथोक में जनसुनवाई की गई। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही की जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।  तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना इटियाथोक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र एवं थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके व्यवस्थित रख-रखाव एवं नियमित अद्यतन की स्थिति की जानकारी ली गई। लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। मालखाने के निरीक्षण के दौरान माल मुकदमाती एवं अन्य जब्तशुदा सामान के रख-रखाव तथा संबंधित अभिलेखों के उचित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। हवालात का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने, उनकी समस्याओं का संवेदनशीलतापूर्वक निस्तारण करने तथा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साइबर हेल्प डेस्क के संबंध में साइबर अपराध से पीड़ित व्यक्तियों की शिकायतों पर तत्परता से कार्यवाही करने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, कार्यालय की सुव्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पुलिस कार्यालय एवं अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, उनकी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनने तथा प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के निर्देश दिए गए।
 
रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.