जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
गोंडा : कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करने के साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का भी जायजा लिया गया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के ऐसे प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की विस्तृत सूचना तैयार कर प्रस्तुत की जाए, जिनके ऊपर से हाईटेंशन विद्युत तार गुजर रहे हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि विद्युत विभाग द्वारा कितने विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटाए जा चुके हैं तथा कितने विद्यालयों में यह कार्य अभी शेष है। उन्होंने लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपद में स्थित कुल जर्जर विद्यालय भवनों की सूची तैयार करने तथा उनके ध्वस्तीकरण के संबंध में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने ऐसे विद्यालयों की जानकारी मांगी, जहां अभी तक विद्यार्थियों के बैठने के लिए सीट-बेंच की व्यवस्था नहीं हो पाई है। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि संबंधित विद्यालयों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से सीट-बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक पत्रावली तैयार की जाए।
बैठक के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गैर-जिम्मेदाराना रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आईजीआरएस शिकायत के निस्तारण में गलत आख्या प्रस्तुत किए जाने के मामले में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), वजीरगंज सतीश चन्द्र तिवारी के विरुद्ध कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने, विभागीय कार्रवाई करने तथा जिला मुख्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्राम पंचायत तेलियानी कानूनगो के सचिव देवेन्द्र पाण्डेय द्वारा आईजीआरएस शिकायत में गलत आख्या लगाए जाने पर उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने डीपीआरओ, डीपीओ कार्यक्रम तथा सीडीपीओ पण्डरीकृपाल और मनकापुर का एक दिवस का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रस्तुत की जाने वाली आख्या तथ्यों पर आधारित हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.