यक्ष ऐप की मदद से पांच घंटे में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

तरबगंज/गोंडा : गोंडा जनपद के थाना तरबगंज क्षेत्र में सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यक्ष ऐप की मदद से संदिग्धों की पहचान कर महज पांच घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे का सब्बल और कटर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात पंडित दीनदयाल चौराहे पर स्थित रितिक ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दुकान के मालिक दिलीप कुमार सोनी की तहरीर पर थाना तरबगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों के साथ तकनीकी माध्यमों की मदद ली गई।

जांच के दौरान थाना नवाबगंज क्षेत्र में रात्रि गश्त के समय संदिग्धों के बैग और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने की जानकारी सामने आई। बैग की तलाशी लेने पर उसमें आभूषण मिले। इसके बाद यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्धों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया और स्थानीय स्तर पर सत्यापन कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रमन गुप्ता और अंशुमान भारती को दुर्जनपुर घाट बंधे से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रितिक ज्वैलर्स की दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लोहे के सब्बल से दुकान का शटर और सामने लगा कैमरा क्षतिग्रस्त किया था। चोरी किए गए आभूषणों को बेचने के उद्देश्य से वे जा रहे थे, तभी पुलिस की कार्रवाई के दौरान वे पकड़े गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तरबगंज थाना क्षेत्र के तुमंदरपुरवा गांव में 8 अक्टूबर की रात एक घर से जेवर और रुपये चोरी करने तथा नगर कोतवाली क्षेत्र के जानकीनगर मोहल्ले में भी एक मकान में चोरी करने की जानकारी दी है। इन घटनाओं के संबंध में पुलिस सत्यापन कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

बड़ी संख्या में आभूषण बरामद

पुलिस ने बरामदगी में सफेद धातु के दो हार, 104 बिछिया, चार चेन, चार लॉकेट, दो टॉप्स, छह ब्रेसलेट, 156 अंगूठियां, 16 राखियां, चांदी के तार का एक गुच्छा, पुराने सिक्के और पूजा से संबंधित 161 सामान सहित अन्य आभूषण शामिल होने की जानकारी दी है। इसके अलावा 14 हजार रुपये नकद, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लोहे का सब्बल, कटर तथा पीला और लाल गमछा बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता, निवासी मोहल्ला मुट्ठीगंज, कस्बा नवाबगंज और अंशुमान भारती पुत्र छोटे लाल, निवासी मोहल्ला चाई टोला, कस्बा नवाबगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, कांस्टेबल सचिन अवस्थी, अंकित राय, प्रमोद वर्मा और आदर्श सोनी शामिल रहे।

रिपोर्टर : शिवराम पांडे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.