पहुआ घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तीन युवकों की डूबने से मौत
तरबगंज/गोंडा : थाना तरबगंज क्षेत्र के लक्ष्मणपुर पहुआ सम्य माता स्थान के पहुआ घाट पर मंगलवार शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के गहरे पानी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लापता युवकों की तलाश के लिए बचाव अभियान शुरू कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया। इस दौरान रघुवर प्रजापति (28) और प्रदीप (30) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, भैरमपुर निवासी सुमित (18) पुत्र राम बालक की डूबने से मौत हो गई। दो अन्य युवक अभिषेक (16) और रामविलास प्रजापति (20) नदी में लापता हो गए।
दो युवकों के लापता होने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन ने बचाव अभियान तेज कर दिया। एनडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह दोनों लापता युवकों के शव बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, तहसीलदार आशुतोष पांडेय, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में शोक का माहौल है। मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
रिपोर्टर : शिवराम पांडे

No Previous Comments found.