मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मंडलायुक्त ने तेजपुर का किया निरीक्षण
गोंडा : मा० मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के साथ तहसील मनकापुर, जनपद गोण्डा के ग्राम तेजपुर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों, जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं, आवागमन, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं।
मण्डलायुक्त ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। कार्यक्रम स्थल पर आमजन की सुविधा, सुगम आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण कराया जाए, जिससे कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण एवं जायजा लेने के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त ड्यूटी में लगे अधिकारी गणों को निर्देश दिया कि समस्त तैयारी को युद्ध स्तर पर तैयार करे औऱ उसकी कार्यक्रम समाप्ति तक निगरानी भी करते रहें
निरीक्षण के दौरान माननीय जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.