हनुमान जी की भक्ति, पराक्रम और लंका दहन का किया सजीव वर्णन
गोण्डा : श्री मेहंदीपुर बालाजी परिवार, गोंडा की ओर से आयोजित श्री हनुमंत कथा एवं हनुमंत महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में हुआ। श्री महादेव लॉन/प्रदर्शनी मैदान निकट कुंवर टॉकीज बहराइच रोड गोंडा में आयोजित कथा के प्रथम दिन कथा व्यास अंतर्राष्ट्रीय संत परम पूज्य श्री विजय कौशल जी महाराज ने भगवान हनुमान के चरित्र, उनकी अतुलनीय भक्ति, अद्भुत पराक्रम और प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पण का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कथा व्यास विजय कौशल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महाराज जी ने उन्हें पटका पहनाकर एवं भगवान का चित्र भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद पूर्व सांसद ने श्री हनुमान जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, मैन मिश्रा एवं अनिरुद्ध सिंह शाही ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर कथा का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि गोण्डा में अनेक कथाओं का आयोजन होता रहा है और आगे भी होता रहेगा, लेकिन इस आयोजन में कथा व्यास के रूप में विजय कौशल जी महाराज का चयन बेहद सराहनीय है। उनकी कथा का एक-एक शब्द भक्ति और रस से परिपूर्ण है। उन्होंने हनुमान चालीसा की चौपाइयों का जिस सुंदर और भावपूर्ण ढंग से वर्णन किया, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि महाराज जी की कथा को ध्यानपूर्वक सुनें और उसमें बताए गए आदर्शों एवं संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करें। इसके बाद उन्होंने कथा व्यास को प्रणाम किया और स्वयं श्रोता के रूप में बैठकर कथा श्रवण किया।
कथा के प्रथम दिन विजय कौशल जी महाराज ने हनुमान जी के अद्भुत चरित्र का वर्णन करते हुए बताया कि हनुमान जी केवल बल और पराक्रम के प्रतीक ही नहीं, बल्कि विनम्रता, बुद्धिमत्ता, सेवा और निष्काम भक्ति की भी अनुपम मिसाल हैं। प्रभु श्रीराम के प्रति उनका अटूट समर्पण प्रत्येक भक्त के लिए प्रेरणास्रोत है। महाराज जी ने माता सीता की खोज में समुद्र लांघकर लंका पहुंचने, अशोक वाटिका में माता सीता को प्रभु श्रीराम का संदेश देने तथा रावण की लंका में अपने अद्भुत पराक्रम से लंका दहन करने के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।
उन्होंने बताया कि हनुमान जी ने हर परिस्थिति में प्रभु श्रीराम की आज्ञा और मर्यादा को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन सिखाता है कि सच्ची भक्ति में अहंकार का कोई स्थान नहीं होता। जहां समर्पण, विश्वास और प्रभु का स्मरण होता है, वहां असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। कथा के दौरान बीच-बीच में प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए। कथा के समापन पर आरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
उधर शनिवार को सुबह 51 कुण्डीय हनुमत महायज्ञ कार्यक्रम में यज्ञाचार्य ज्योतिर्विद आचार्य पवन वाजपेई जी द्वारा वेदी पूजन एवं पितृ बाधा ,प्रेत बाधा और अरिष्ट ग्रहों में पितृ शांति के लिए गुग्गुल ,लौंग ,काला तिल और गुड़ से विशेष आहुतियां कराई गई। एवं हवन पाठ हुआ।
इस अवसर पर श्री मेहंदीपुर बालाजी परिवार के सुनील कुमार रस्तोगी, अनिरुद्ध सिंह शाही, विजय मिश्रा प्रधान, अजय मिश्रा, शानू गुप्ता, बीनू कुशवाहा, चंदन मिश्र, सोमनाथ रस्तोगी, गौरव रस्तोगी, राजेश कुमार जायसवाल,प्रतीक टंडन, अनुराग शर्मा, अविनाश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, चंदन आर्य,अजय कसौधन, शुभम कसौधन, सत्यम गुप्ता, निखिल कसौधन, ऊषा रस्तोगी, रिंकी रस्तोगी,शैल कुमारी ,अनीता शुक्ला,रूही टंडन, मधुश्री बाशोदिया, नेहा गुप्ता, शिखा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर : राजेश कुमार जायसवाल

No Previous Comments found.