मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने श्रीराम कथा स्थल का किया निरीक्षण

गोंडा - जनपद के इटियाथोक क्षेत्र स्थित जयप्रभा ग्राम में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बनाए जा रहे हेलीपैड, श्रीराम कथा स्थल, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

जिलाधिकारी रमेश रंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने हेलीपैड की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात नियंत्रण तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन एवं श्रीराम कथा कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, एक्सईएन प्रांतीय खंड प्रमोद त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

रिपोर्टर - राजेश कुमार जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.