नगर पंचायत उनवल में आयोजित आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में युवाओं ने दिखाया अपना दमखम
गोरखपुर : नगर पंचायत कस्बा संग्रामपुर उनवल में एक दिवसीय पंजा लड़ान आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत उनवल के अध्यक्ष प्रतिनिधि उमेश कुमार दुबे ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के पहुंचने पर आयोजनकर्ता प्रिंस प्रजापति ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद विभिन्न मुकाबलों में प्रतिभागी युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि उमेश कुमार दुबे ने कहा कि खेलकूद युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा को पहचानकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजनकर्ता प्रिंस प्रजापति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्रतिभागी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

No Previous Comments found.