अंशिका यादव ने रचा इतिहास, हॉन्गकॉन्ग की धरती पर भारत का लहराया परचम

गोरखपुर : गोरखपुर जिले की उभरती हुई महिला पहलवान अंशिका यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। मात्र 17 वर्ष की आयु में अंशिका ने 5वीं हॉन्गकॉन्ग चाइना इंटरनेशनल रेसलिंग प्रतियोगिता 2025 में भाग लेकर 73 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और गोरखपुर दोनों का नाम रोशन किया। ग्राम जमौली बुजुर्ग, जिला गोरखपुर की रहने वाली अंशिका ने यह ऐतिहासिक जीत JWS बेंगलुरु की ओर से भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए हासिल की। प्रतियोगिता में कई देशों के अनुभवी पहलवानों के बीच अंशिका का प्रदर्शन शानदार रहा, जहाँ उन्होंने बेहतरीन दांव-पेंचों से विरोधियों को परास्त करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
इस अद्वितीय सफलता के पीछे अंशिका की वर्षों की कठिन मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण है। वे स्वर्गीय श्री ज्ञान सिंह व्यायामशाला की शिष्या हैं, और उन्हें गोरखपुर कुश्ती संघ के अध्यक्ष श्री दिनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षक श्री श्याम पाल जी की देखरेख में निरंतर अभ्यास एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। अब अंशिका का अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी
No Previous Comments found.