भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा नगर उनवल में आयोजित हुआ स्वदेशी जन जागरण अभियान

गोरखपुर :  नगर पंचायत उनवल में भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा “स्वदेशी अपनाओ, विदेशी छोड़ो” जन जागरण अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर पंचायत अध्यक्ष एडवोकेट महेश कुमार दुबे ने और मंडल अध्यक्ष इंद्र कुमार निगम ने किया।

जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि आज देश की तरक्की और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वदेशी वस्तुओं को अपनाए और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करे। उन्होंने कहा कि जब हम अपने स्थानीय उत्पादों को महत्व देंगे, तभी गांव-गांव और शहर-शहर के कारीगर, किसान और छोटे व्यापारी आर्थिक रूप से मजबूत होंगे।

इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष महेश कुमार दुबे ने कहा कि स्वदेशी आंदोलन केवल एक नारा नहीं बल्कि यह राष्ट्रहित और जनहित की भावना है। उन्होंने युवाओं और नगरवासियों से अपील की कि वे आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष उमाशंकर निषाद, भोला अग्रहरी जी  शिव कुमार शाह,सभासद योगेश वर्मा, मिथिलेश यादव, संदीप तिवारी, सहित बड़ी संख्या में नगर के व्यापारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने भी संकल्प लिया कि वे स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेंगे और इस जन जागरण अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे।
 स्वदेशी जन जागरण अभियान के माध्यम से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का प्रयास है कि देश में आर्थिक स्वतंत्रता को नई दिशा दी जाए और भारत को मजबूत बनाया जाए।

रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.