गीडा थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से सनसनी
गोरखपुर : गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर सिवान में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला।ग्रामीणों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। शव पर गला रेतने जैसे गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।थाना प्रभारी गीडा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे


No Previous Comments found.