टोल बचाने के लिए खजनी-बांसगांव मार्ग पर तेज गति से दौड़ रहे भारी वाहन,लगाम के नाम पर हो रही है खानापूर्ति
गोरखपुर - बांसगांव–उनवल–खजनी-जैतपुर सहजनवां व उनवल-बरडाड़-बाघागाढ़ा जाने वाले मार्ग पर इन दिनों भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। टोल बचाने के चक्कर में ट्रक और ट्रेलर चालक इस मार्ग का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे सड़क हादसों की संख्या में अचानक वृद्धि हो गई है। हालात ऐसे हो गए हैं कि स्थानीय लोग और राहगीर इस मार्ग से गुजरने में खौफ महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भिटहा (बेलीपार कटया) में टोल प्लाजा शुरू होने के बाद से ट्रक और ट्रेलर चालक टोल से बचने के लिए कौड़ीराम से ही रास्ता बदलकर बांसगांव, उनवल, खजनी होते हुए जैतपुर और सहजनवां की तरफ निकल जाते हैं। इस कारण चौबीसों घंटे भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है और इसके कारण उनवल, खजनी जैतपुर के चौराहा पर जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगो के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। कई परिवार सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
भारी वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की हालत भी बिगड़ती जा रही है। जगह-जगह सड़क टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है और कई स्थानों पर दरारें पड़ने लगी हैं। लोगों को आशंका है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब हो जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कई ट्रक चालक टोल बचाने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में टोल प्लाजा प्रबंधन को भी सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही इस मार्ग पर आरटीओ और पुलिस की चेकिंग बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लग सके। कुछ लोगों का यह भी सुझाव है कि जिलाधिकारी की अनुमति से इस मार्ग पर बैरियर लगाकर भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा सकता है।
क्या कहते हैं ट्रक और ट्रेलर चालक-
ट्रेलर (ट्रक) वालों का कहना है हमारे भी बीबी बच्चे हैं रोड टैक्स भी हम सबसे अधिक देते हैं क़िस्त पर गाड़ी लिए है कम्पटीशन बहुत है चन्द किलोमीटर पर ही दो-दो टोलप्लाज तेनुआ (सहजनवां)और भिटहा (बेलीपार) कटया वाला दोनो टोल पड़ता है यह अनुचित है पहले एक ही टोल देना पड़ता था जबसे बेलीपार वाला चालू हुआ है तबसे यह दिक्कत होने लगी हैं हम सभी भी मजबूर हैं हमलोगों की सुनने वाला कोई नहीं है हा यह सत्य है कि टोल के चक्कर मे बांसगांव,उनवल बाईपास से निकल बरडार बाघागाढ़ा मार्ग पकड़ गोरखपुर की तरफ निकल जाते हैं वही खजनी,जैतपुर से सहजनवां की तरफ जाना हुआ हो तो उधर से निकल जाते हैं इससे हमसभी की दूरी और पैसा दोनो बचता है रही बात एक्सीडेंट की तो जान बूझ कर कोई एक चींटी तक नही मारता अगर कहि कुछ हो जाता है तो इसमें सभी ट्रक वालो की गलती थोड़ी ना होती है लोग हम लोगो से सौतेला व्यवहार क्यो करते हैं किसी ट्रक वाले के गलती की सजा सबको नही मिलनी चाहिए हम सभी का भी परिवार है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, या भारी वाहनों की इंट्री पर रोक लगाया जाय ताकि लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

No Previous Comments found.