पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में गरमाया माहौल, गिरफ्तारी न होने पर पत्रकारों ने सीएम से लगाई गुहार

गोरखपुर : गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 में हुए पत्रकार एवं अधिवक्ता अग्निवेश सिंह हत्याकांड को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पत्रकारों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सहजनवां को सौंपते हुए पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

पत्रकारों ने अपने ज्ञापन में कहा कि मुकदमा अपराध संख्या 100/2026 में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे पीड़ित परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय थाने की भूमिका शुरू से ही संदिग्ध रही है और पैरवी के दौरान पीड़ित पक्ष के खिलाफ ही फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि मृतक अग्निवेश सिंह एक सम्मानित पत्रकार और अधिवक्ता थे, जो अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी हत्या के बाद परिवार गहरे संकट से गुजर रहा है। पुलिस के रवैये को लेकर पत्रकार समाज में भी भारी रोष व्याप्त है।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके। इसके अलावा मृतक के छोटे भाई और मुकदमे के वादी नीतीश कुमार को शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की गई है, जिससे वह अपराधियों से अपनी और परिवार की सुरक्षा कर सकें।
पत्रकारों ने यह भी मांग की है कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की पुनः समीक्षा उत्तर प्रदेश मेडिको बोर्ड के विषय विशेषज्ञों से कराई जाए। साथ ही अग्निवेश हत्याकांड के सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस प्रकरण में भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की रिपोर्ट लेखपाल और कानूनगो द्वारा एसडीएम को सौंप दी गई है, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।वही ज्ञापन के दौरान बीडी शुक्ला,हामिद अंसारी, प्रधान प्रवासी संतराज यादव, हरि गोबिंद चौबे,अनिल मिश्रा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, डीके पाण्डेय, संजय उपाध्याय, अशोक चौधरी, नितेश शुक्ला, पप्पू यादव, प्रिंस श्रीवास्तव,अमित सिंह,विवेक पाण्डेय, उपेंद्र राज,अनिल मिश्रा, अशोक चौधरी,समेत तहसील के सभी पत्रकार मौजूद रहे।

रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.