उनवल में वेतन को लेकर बिजली संविदा कर्मियों का प्रदर्शन, TDS कंपनी पर आरोप

गोरखपुर : नगर पंचायत उनवल स्थित 33/11 केवी पावर हाउस परिसर में बुधवार को बिजली विभाग के संविदा कर्मियों ने वेतन न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र वेतन भुगतान की मांग उठाई। संविदा कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। अक्टूबर माह का वेतन लंबित होने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। बच्चों की स्कूल फीस, मकान किराया और अन्य दैनिक खर्चों को पूरा करना कठिन हो गया है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी के लिए TDS कंपनी को जिम्मेदार ठहराते हुए उस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
धरना स्थल पर धनंजय, प्रिंस कुमार, राज मंगल मौर्य, गोविंद कुमार, श्याम सुंदर, अजय पांडे, राम अवतार, बिरजू कुमार, मनोज यादव, हनुमान, सलमान और पुनीत त्रिपाठी समेत कई संविदा कर्मी मौजूद रहे। सभी ने अधिशासी अभियंता व उपखंड अधिकारी, 33/11 केवी उपकेंद्र उनवल को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की है।

रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.