टेकवार चौराहे पर शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा टला, बाइक क्षतिग्रस्त, लोगों में दहशत
गोरखपुर : खजनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत उनवल के वार्ड नंबर-3 स्थित टेकवार चौराहे पर शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हादसे में बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार को लेकर आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार डंपर अचानक बाइक सवारों के बेहद करीब आ गया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि बाइक सवार युवक टक्कर लगते ही दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और चालक समेत डंपर को कब्जे में ले लिया। घायल युवकों को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद वाहन को चौकी भेज दिया गया, जहां पुलिस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों भारी वाहनों और डंपरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ओवरलोड मिट्टी और डंपर दिन-रात तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में बनी रहती है। लोगों ने बताया कि विगत महीनों में भी क्षेत्र में कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। टेकवार चौराहे समेत मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाया जाए, ओवरलोड वाहनों की जांच हो तथा प्रमुख चौराहों पर पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि आए दिन हो रहे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी


No Previous Comments found.