माँ तो माँ है माँ के सम्मान में भावनाओं से सराबोर हुआ न्यू मॉडर्न मोहन पब्लिक स्कूल उनवल
गोरखपुर : नगर पंचायत उनवल में स्थित न्यू मॉडर्न मोहन पब्लिक स्कूल में रविवार को मातृ दिवस बड़े हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर माताओं और बच्चों की मुस्कान, तालियों और खुशियों से गुलजार रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। किसी ने मां पर कविता सुनाई तो किसी ने भावुक कर देने वाला गीत गाया। नन्हे-मुन्नों के नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अभिभावकों का दिल जीत लिया। मंच पर जब बच्चे मां तुझे सलाम बोल रहे थे, तब कई माताओं की आंखें नम हो गईं। विद्यालय संरक्षक अमरनाथ साहनी ने कहा कि मां बच्चे की पहली गुरु होती है। बच्चों के जीवन निर्माण में मां की भूमिका सबसे अहम है। स्कूल और अभिभावकों के आपसी सहयोग से ही बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। मातृ दिवस को खास बनाने के लिए माताओं और बच्चों के लिए मनोरंजक खेल भी कराए गए। म्यूजिकल चेयर, बॉल गेम और अंताक्षरी में माताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा माहौल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा। सेल्फी और फोटो कॉर्नर आकर्षण का केंद्र रहा, जहां मां-बच्चों की जोड़ियों ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। संरक्षक अमरनाथ साहनी ने साथ सभी माताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा अभिभावकों के साथ खड़ा रहेगा।इस मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी


No Previous Comments found.