कुसुम इंटर कॉलेज उनवल में ड्रोन और रोबोटिक्स का रोमांच, छात्रों ने सीखी आधुनिक तकनीक
गोरखपुर : क्षेत्र के प्रसिद्ध कुसुम इंटर कॉलेज में शुक्रवार को एक दिवसीय “ड्रोन एवं रोबोटिक्स वर्कशॉप” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने ड्रोन उड़ान, रोबोटिक्स तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग के नए आयामों को करीब से समझा। कार्यक्रम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यशाला का संचालन RobooX India Innovation Private Limited की टीम द्वारा किया गया। इंजीनियर यश राय, श्रेया शर्मा, रितिक सिंह एवं आयुष्मान पांडेय ने छात्रों को ड्रोन की कार्यप्रणाली, उसके उपयोग, रोबोटिक्स के मूल सिद्धांत और भविष्य में इन तकनीकों की बढ़ती संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लाइव डेमो के दौरान छात्रों ने ड्रोन संचालन और रोबोटिक्स मॉडल को बेहद उत्साह के साथ देखा और कई तकनीकी सवाल भी पूछे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव चतुर्वेदी ने कहा कि आज के दौर में तकनीकी शिक्षा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्रों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने का कार्य करती हैं।
वहीं विद्यालय के निदेशक अभिनंदन दुबे ने कहा कि ड्रोन और रोबोटिक्स आने वाले समय की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में शामिल हैं। उन्होंने RobooX India Innovation Private Limited की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के भीतर नवाचार और तकनीकी सोच को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्रों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। छात्रों ने भविष्य में भी ऐसी तकनीकी कार्यशालाओं के आयोजन की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तकनीकी उत्साह और नवाचार की ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी


No Previous Comments found.