डीजे संचालक से जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़
गोरखपुर - पीड़ित पर ही दर्ज हुआ मुकदमा सहजनवाँ,गोरखपुर,20 मई 26 सहजनवाँ थाना क्षेत्र के घघसरा बाजार स्थित अम्बे मैरिज हॉल में एक डीजे संचालक के साथ जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने न सिर्फ डीजे मशीन व गाड़ी में तोड़फोड़ की,बल्कि शिकायत करने पर थाने की पुलिस ने उल्टा पीड़ित और उसके भाई को ही हिरासत में लेकर मारपीट की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनिका निवासी श्रवण कुमार पुत्र स्व0 रामदुलारे न्यू लवकुश बाबू हाइटेक डीजे के मालिक हैं। 19 मई की रात करीब 10 बजे वे अम्बे मैरिज हॉल में बुकिंग पर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान रूंदौली उर्फ मठिया निवासी आशुतोष त्रिपाठी पुत्र काशीनाथ त्रिपाठी अपने 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा और डीजे पर जबरन गाना बजाने का दबाव बनाने लगा।
पीड़ित श्रवण कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां देते हुए कहा, तुम साले चमारिया की जात, पाण्डेय का गाना क्यों नहीं लगा रहें। विरोध करने पर आरोपियों ने श्रवण व उनके भाई के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उनकी बहन को भी अभद्र गालियां दीं। इस दौरान आरोपियों ने डीजे मशीन, गाड़ी का शीशा और लाइट तोड़ दी, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने जाते-जाते धमकी दी कि यदि थाने में शिकायत की तो जान से मार देंगे। जब श्रवण कुमार थाने पहुंचे तो आरोप है कि पुलिस ने उनकी सुनवाई करने के बजाय उन्हें व उनके भाई को ही थाने में बंद कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर से घसीटकर चौकी पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। श्रवण कुमार ने बताया कि आरोपी मनबढ़ किस्म के हैं और स्थानीय थाने पर उनकी अच्छी पकड़ है, जिसके चलते उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़ित ने आशुतोष त्रिपाठी व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही डीजे व गाड़ी में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में सहजनवाँ पुलिस का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। वहीं पीड़ित ने अब उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।
रिपोर्टर - हरिगोविंद चौबे


No Previous Comments found.