गड्ढों से जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, प्रदर्शन कर जल्द मरम्मत की उठाई मांग
गोरखपुर : पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पट्टी धर्मदास में गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रदर्शन में शामिल हरिश्चंद्र शर्मा, राम नगीना शर्मा, राज प्रजापति, आरव शर्मा, पहलवान गौड़, सुनील तथा रामभरन प्रजापति सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को खतरे का अंदाजा तक नहीं लग पाता।ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूल बस, मैजिक वाहन तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीण राम नगीना शर्मा ने बताया कि इसी सड़क पर उनकी पिकअप गाड़ी भी गड्ढों के कारण पलट चुकी है, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ जान-माल का भी खतरा उत्पन्न हो गया था। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता (जेई) शहबाज अनवर ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव विभाग को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे
No Previous Comments found.