44 यूपी बटालियन द्वारा एनसीसी कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित
गोरखपुर : प्रताप नारायण सिंह जनता इंटर कॉलेज, बरही सोनबरसा, गोरखपुर में गुरुवार को 44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में एनसीसी ‘ए’, ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 44 यूपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल रमन तिवारी ने सफल कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान एनसीसी ‘ए’, ‘बी’ एवं ‘सी’ परीक्षा में ए ग्रेड से उत्तीर्ण लगभग 100 कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कमान अधिकारी ने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान एएनओ (एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर) कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगामी एनसीसी भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, ड्रिल प्रतियोगिताओं तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने एनसीसी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, बीआरएम इंटर कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे और अपने प्रमाण पत्र प्राप्त किए।इस अवसर पर सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम, चीफ ऑफिसर अनिल कुमार गुप्ता, मेजर दीपक शाही, लेफ्टिनेंट अनुपम सिंह, लेफ्टिनेंट प्रभाकर शाही, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, सेकेंड ऑफिसर पुनीत त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर नृपेंद्र मौर्य, सेकेंड ऑफिसर कमलेश यादव, जेसीआई आकांक्षा सहित पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स का उत्साहवर्धन करना तथा उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। समारोह के सफल आयोजन से कैडेट्स एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे
No Previous Comments found.