बारिश में फिसला लीची लदा ट्रक, 33 हजार वोल्ट का पोल तोड़कर सड़क किनारे पलटा, चालक-खलासी सुरक्षित

सहजनवा : बरसात के चलते फिसलन भरी सड़क पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गीडा थाना क्षेत्र के पिपरौली चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर लीची से लदा एक छह चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का पोल जड़ से टूट गया और ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक और खलासी दोनों सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार बुधवार 11 जून 2026 की सुबह करीब चार बजे ट्रक संख्या UP27CT8740 मुजफ्फरपुर से लीची लादकर दिल्ली स्थित आजाद फल मंडी जा रहा था। पिपरौली क्षेत्र में स्थित दाना-पानी होटल से लगभग 200 मीटर पूर्व पहुंचते ही बारिश के कारण सड़क पर बने फिसलन भरे हालात में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित ट्रक पहले 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल से जा टकराया और फिर सड़क किनारे पटरी के नीचे पलट गया।हादसे के बाद ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें लदी लीची सड़क तथा आसपास के क्षेत्र में बिखर गई। टक्कर से हाईटेंशन पोल टूट जाने के कारण बिजली के तार और इंसुलेटर लटक गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई।ट्रक मालिक अशफाक उल्ला खान, निवासी शाहजहांपुर बताए जा रहे हैं। चालक तुकमान ने बताया कि हादसे के समय वह और खलासी दोनों वाहन में मौजूद थे, लेकिन सौभाग्यवश किसी को गंभीर चोट नहीं आई।घटना की सूचना मिलते ही गीडा पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति नियंत्रित कर क्षतिग्रस्त पोल को बदलने तथा क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाने का कार्य शुरू कराया गया। लगातार हो रही बारिश के बीच एनएच-28 पर बढ़ते हादसों को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.