साहब! दबंग कर रहा पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा

गोरखपुर :  गीडा थाना के नगवा गांव का मामला उत्तर प्रदेश सरकार के भू-माफियाओं और दबंगों पर कड़े रुख के दावों के बीच गीडा थाना क्षेत्र के नगवा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दबंगों द्वारा एक पीड़ित की पुश्तैनी जमीन पर जबरन अवैध कब्जा करने और विरोध करने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। स्थानीय पुलिस की ढीली कार्रवाई से बेखौफ दबंगों ने दर्जनों अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिससे पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।नगवा निवासी पीड़ित सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गांव में ही उनकी पुश्तैनी जमीन जिसका सिकमी नंबर 214, रकबा 18-1/2 स्थित है, जहाँ पहले उनका पुराना मकान था और वर्तमान में वह समतल भूमि है। आरोप है कि बीते 6 जून को जब पीड़ित किसी काम से गांव से बाहर गए थे, तभी गांव के ही दबंगों द्वारा उनके जमीन के जाली व कूट-रचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की नीयत से वहाँ ईंटें गिरा दीं और अवैध निर्माण शुरू करा दिया। घटना की भनक लगते ही पीड़ित के पट्टीदारों ने यूपी 112 को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने काम रुकवाते हुए दोनों पक्षों को साक्ष्यों के साथ थाने तलब किया। इसके बाद 8 जून को पीड़ित सुधीर ने गीडा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से उत्साहित आरोपी अपने साथ 15-20 अज्ञात लोगों को लेकर लाठी-डंडों के साथ पुस्तैनी जमीन पर धमक आए। वे लोग जबरन पिलर गाड़कर दीवार उठाने लगे। जबरन निर्माण की सूचना पर पीड़ित ने दोबारा 112 नंबर पर कॉल किया जिसके बाद हल्का इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने विपक्षियों को सख्त फटकार लगाते हुए तुरंत ईंट और पिलर हटाने के निर्देश दिए। पीड़ित सुधीर का कहना है कि आरोपी अब उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं और दबाव बनाने के लिए झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने गीडा पुलिस और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जालसाज व दबंग प्रवृत्तियों के आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उनकी पुश्तैनी जमीन और जान-माल की रक्षा हो सके। इस संबंध में गीडा थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय ने बताया कि मामला पूरी तरह से संज्ञान में है और इसकी गहनता से जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.