पांच महीने से बिना शिक्षक के संचालित हो रहा प्राथमिक विद्यालय मेहरुकुण्डल
सहजनवां : पाली ब्लॉक के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय मेहरुकुण्डल पिछले करीब पांच महीनों से बिना किसी नियमित शिक्षक के संचालित हो रहा है। विद्यालय में कुल 25 छात्रों का नामांकन है। विद्यालय की पूरी शैक्षणिक व्यवस्था फिलहाल दो शिक्षामित्रों—पिन्टू गौतम और मीरा सिंह—के भरोसे चल रही है। शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रही है।ग्राम प्रधान प्रेमचंद यादव ने बताया कि विद्यालय में नियमित शिक्षक की तैनाती के लिए कई बार खंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन हर बार जल्द शिक्षक भेजने का आश्वासन ही मिला। उनका कहना है कि पिछले पांच महीनों से विद्यालय में एक भी नियमित शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई है, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कुँवर विक्रम पाण्डेय ने बताया कि शिक्षक की तैनाती का निर्णय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर से किया जाएगा और इस मामले में उनसे बात करनी होगी।वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर, धीरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा, “मेहरुकुण्डल प्राथमिक विद्यालय में नियमित शिक्षक न होने की जानकारी मिली है। आज मैं विभागीय कार्यशाला में व्यस्त हूं। शीघ्र ही विद्यालय में नियमित शिक्षक की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।”
लगातार पांच महीने से विद्यालय में नियमित शिक्षक न होने के कारण अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र नियमित शिक्षक की तैनाती की मांग की है, ताकि 25 छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकें। अब सभी की निगाहें शिक्षा विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के क्रियान्वयन पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे
No Previous Comments found.