अवैध रूप से संचालित होटल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
गोरखपुर - सिकरीगंज क्षेत्र में ‘जेन रेस्टोरेंट होटल लॉज’ सीज, वैध कागजात न मिलने पर कार्रवाई गोरखपुर। जनपद में अवैध होटलों के संचालन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकरीगंज थाना क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल को सीज कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी खजनी दिपांशी राठौर एवं नायब तहसीलदार खजनी जाकिर हुसैन के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज अंजुल कुमार चतुर्वेदी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बनकटी बुजुर्ग स्थित ‘ZEN RESTAURANT HOTEL LODGE’ पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक विनोद यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव निवासी ग्राम झउवा, थाना सिकरीगंज की मौजूदगी में होटल की जांच की गई।जांच के दौरान टीम ने होटल के आगमन/प्रस्थान रजिस्टर की जांच की तथा कमरों को खुलवाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में होटल के कमरों का गलत उपयोग पाए जाने के संकेत मिले। जब संचालक से होटल के संचालन संबंधी वैध पंजीकरण एवं आवश्यक कागजात मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।इस पर नायब तहसीलदार खजनी द्वारा मौके पर ही कार्रवाई करते हुए उक्त होटल को सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई में शामिल टीम इस अभियान में क्षेत्राधिकारी खजनी दिपांशी राठौर, नायब तहसीलदार जाकिर हुसैन, प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज अंजुल कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक अरुण कुमार दूबे, महिला कांस्टेबल मालती मझवार, कांस्टेबल उपेंद्र सिंह एवं कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर - हरिगोबिन्द चौबे
No Previous Comments found.