चिल्लूपार विधानसभा में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, गोला में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

गोरखपुर - गोला चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी की संभावित उम्मीदवार अस्मिता चंद के नेतृत्व में रविवार को गोला क्षेत्र में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसपा के मुख्य मंडल जोन प्रभारी डॉ. मदन राम रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और सर्वजन हिताय की विचारधारा पर मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं। डॉ. मदन राम ने विश्वास जताया कि चिल्लूपार विधानसभा में बसपा मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त करेगी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अस्मिता चंद ने कहा कि चिल्लूपार विधानसभा की जनता बदलाव चाहती है और बसपा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और किसानों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर-घर तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने और आगामी चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बसपा के जिला अध्यक्ष जयकार प्रसाद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भवनाथ राय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव गुप्ता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मन्नू लाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम में बसपा के पक्ष में जोशपूर्ण माहौल बना रहा।

 संवाददाता - मनोज कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.