मुंडा कोडरा में आवारा पशुओं का आतंक, फसल बर्बाद करने के साथ ग्रामीण पर किया हमला
गोरखपुर - सहजनवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मुंडा कोडरा में आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा पशु आए दिन खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, पशुओं के हमले से ग्रामीणों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बन गई है। ग्रामीण राम अचल शुक्ला, राम दरस शुक्ला, हरिकिशन शुक्ला, लक्ष्मीनारायण शुक्ला, सुरेंद्र शुक्ला और भागवत तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पशु खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
ग्रामीण राम अचल शुक्ला ने रविवार को बताया कि आवारा पशुओं ने बहुत ज्यादा फसल को नुकसान पहुंचा चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके खेत में करीब 18-19 की संख्या में आवारा पशु फसल चर रहे थे। जब उन्होंने पशुओं को खेत से भगाने का प्रयास किया तो पशुओं ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके गर्दन और घुटने में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई अन्य लोगों पर भी आवारा पशु हमला कर चुके हैं। फसलों की सुरक्षा के साथ ग्रामीणों को अब अपनी जान-माल की चिंता भी सताने लगी है। उन्होंने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशाला भेजने की मांग की है।
एसडीएम सहजनवा नमन मेहता ने बताया कि मामला अभी संज्ञान में आया है। इस पर जल्द से जल्द आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशाला भिजवाया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
रिपोर्टर - हरिगोबिन्द चौबे
No Previous Comments found.