एनएचआई और पुलिस का व्यापारियों को अल्टीमेटम सामान समेटने लगे दुकानदार

सहजनवां, गोरखपुर। क्षेत्र में सड़क की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने को लेकर बुधवार को एनएचआई और पुलिस की टीम ने व्यापारियों, ठेला-खोमचा संचालकों को सख्त चेतावनी दी। प्रशासन की कार्रवाई की चेतावनी मिलते ही कई व्यापारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। कार्रवाई को लेकर कुछ व्यापारियों में नाराजगी भी देखने को मिली।

जानकारी के मुताबिक, सहबाजगंज से सहजनवां स्थित पेट्रोल पंप तक सड़क की भूमि पर बड़ी संख्या में व्यापारी और ठेला-खोमचा संचालक कारोबार कर रहे हैं। एनएचआई की ओर से इस मार्ग पर डिवाइडर से करीब 26 मीटर उत्तर की ओर छह लेन सड़क का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। सड़क की भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य में परेशानी आ रही थी।

बुधवार को एनएचआई के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को चिन्हित भूमि से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। प्रशासन के सख्त रुख के बाद थाने चौराहे से पेट्रोल पंप तक राजस्व विभाग द्वारा चिन्हित जमीन से व्यापारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों में अपनी रोजी-रोटी को लेकर रोष भी नजर आया। हालांकि, प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

मौके पर थानेदार संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक प्रितेश तिवारी, कानूनगो मोतीलाल, लेखपाल मुन्नीलाल, प्रणव सहित एनएचआई के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

संवाददाता - मनोज कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.