सीएम सिटी में सरकारी खड़ंजे पर कब्जे का आरोप मचा हड़कंप

गोरखपुर - बीएसएफ दरोगा पर सरकारी मार्ग अवरुद्ध करने का आरोप, शिकायत के बाद पहुंची पुलिस—प्रशासन की मौजूदगी में हटाया गया निर्माण-गोरखपुर/सहजनवा। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर की सहजनवा तहसील क्षेत्र के बोक्टा वार्ड नंबर-2 में सरकारी खड़ंजे को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक बीएसएफ दरोगा पर सरकारी रास्ते पर कथित रूप से कब्जा कर निर्माण करने और रास्ते को अवरुद्ध करने का आरोप लगा। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर-2 में वर्षों पूर्व बना सरकारी मार्ग दर्जनों परिवारों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। आरोप है कि बीएसएफ दरोगा द्वारा रास्ते के किनारे लगे गेट के स्लैब को क्षतिग्रस्त कर वहां निर्माण कर लिया गया, जिससे सरकारी मार्ग संकरा होने के साथ ही ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो गई।

मामले को लेकर सुनीता देवी पत्नी जयप्रकाश यादव ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित स्थानीय पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज अमरेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। चौकी इंचार्ज ने सरकारी मार्ग पर किए गए निर्माण को हटाने की बात कही, जिस पर संबंधित बीएसएफ दरोगा ने भी सहमति जताई। इसके बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच चली बातचीत के बाद प्रशासन की मौजूदगी में सरकारी मार्ग पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाया गया। निर्माण हटने के बाद रास्ता पुनः ग्रामीणों के आवागमन के लिए सुचारु हो गया।

आखिर में खत्म हुआ विवाद, गले मिलकर बांटी मिठाई

मामला सुलझने के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी मतभेद भी समाप्त हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने विवाद को आगे न बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से गले मिलकर आपसी भाईचारे का संदेश दिया और मिठाई खिलाकर विवाद समाप्त होने की बात कही।फिलहाल प्रशासन की मौजूदगी में रास्ते से निर्माण हटाए जाने के बाद मामला मौके पर ही शांतिपूर्ण ढंग से निस्तारित हो गया। ग्रामीणों ने भी विवाद के समाधान पर संतोष जताया।

रिपोर्टर - हरिगोबिन्द चौबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.