गड्ढों में तब्दील PWD की सड़क, ग्रामीणों ने दी तहसील घेराव की चेतावनी

गोरखपुर : सहजनवां ब्लॉक अंतर्गत कटसहरा बाजार से रामनगर सुरस होते हुए देवरिया तक जाने वाला लोक निर्माण विभाग (PWD) का मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द सड़क की मरम्मत नहीं होने पर तहसील घेराव की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर कई बार महज खानापूर्ति की जाती है। उनका कहना है कि मरम्मत के कुछ समय बाद ही सड़क दोबारा खराब हो जाती है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता के साथ टेंडर में स्वीकृत धनराशि के उपयोग की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।10 दिन में पैचिंग, पुनर्निर्माण के लिए भेजा गया प्रस्ताव मामले में लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी ने बताया कि सड़क की स्थिति का मामला संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क पर 10 दिन के अंदर पैचिंग का कार्य करा दिया जाएगा, ताकि फिलहाल आवागमन में लोगों को राहत मिल सके। अधिकारी के अनुसार, सड़क को पुनर्निर्माण के लिए भेजा जा चुका है। स्वीकृति (सैंक्शन) मिलते ही सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। विभाग की ओर से स्थायी समाधान के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय में पैचिंग और आगे पुनर्निर्माण की कार्रवाई नहीं हुई तो वे तहसील मुख्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे।

रिपोर्टर : मनोज  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.