प्राथमिक विद्यालय के सामने गंदगी का अंबार, ग्रामीणों का प्रदर्शन

सहजनवां/गोरखपुर : सहजनवां ब्लॉक की ग्राम सभा तेनूहारी के जूड़ा कोड़री टोले में स्थित प्राथमिक विद्यालय की बदहाली को लेकर को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्यालय के सामने गंदगी, खुली नालियों, जलभराव और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बना हुआ है।

खुली नालियों से बीमारी का खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के सामने खुली नालियों में गंदा पानी जमा रहता है, जिससे दुर्गंध और कीड़े-मकोड़ों की समस्या बनी रहती है। जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मोहनलाल से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप लगाया।

ग्रामीण उपेंद्र गौड़ ने विद्यालय परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और कृषि उपकरण खड़े किए जाने का आरोप लगाते हुए परिसर के इस्तेमाल की जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बच्चों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं होने पर भी चिंता जताई।

प्रधान ने बताई जलनिकासी की समस्या

ग्राम प्रधान मोहनलाल ने बताया कि विद्यालय के बगल में एक गढ़ही है, जिसे आसपास के लोगों द्वारा कूड़ा फेंककर काफी हद तक पाट दिया गया है। ऐसे में नाली का निर्माण कराने पर पानी निकासी के लिए उचित विकल्प नहीं मिल पा रहा है। प्रधान के अनुसार, उन्होंने समस्या के समाधान के लिए जेसीबी भी मंगवाई थी, लेकिन पर्याप्त रास्ता नहीं होने के कारण मशीन मौके तक नहीं पहुंच सकी। इसी वजह से अब तक निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने समस्या को जल्द ठीक कराने का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर : मनोज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.