सहजनवां में विवाह के पांच महीने बाद युवती की मौत, दहेज उत्पीड़न का आरोप
गोरखपुर : गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक 21 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान सीहापार गांव निवासी अनामिका निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवती ने करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों से बातचीत के दौरान ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप सामने आया है। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह करीब नौ बजे मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब नौ बजे सहजनवां थाने को सूचना मिली कि महुआपार रेलवे ट्रैक पर एक महिला की ट्रेन से कटने के कारण मौत हो गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव की पहचान अनामिका निषाद के रूप में हुई।
पांच महीने पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, अनामिका सीहापार गांव के उत्तरी टोला निवासी धर्मदेव निषाद की बेटी थी। उसका विवाह करीब पांच महीने पहले बेलघाट थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी अभी सिंह से हुआ था। बताया गया कि घटना के समय वह अपने मायके आई हुई थी।
क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह के अनुसार, परिजनों से बातचीत में ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
सीओ गीडा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर सहजनवां थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

No Previous Comments found.