बी०आई०टी० में टेक युवा महोत्सव का भव्य आयोजन, विद्यार्थीयों ने प्रदर्शित किए तकनीकी मॉडल
गोरखपुर : बुद्धा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गीडा गोरखपुर में आज टेक युवा महोत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर बुद्धा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मक प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार के इनोवेटिव मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) आदरणीय श्री विशाल कुमार (आई०ए०एस०) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।महोत्सव में प्रस्तुत विभिन्न मॉडलों एवं प्रोजेक्ट का मूल्यांकन विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आमंत्रित विषय विशेषज्ञ शिक्षकों तथा बुद्धा ग्रुप के शिक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के मॉडल की उपयोगिता, नवीनता, तकनीकी पक्ष एवं समाज के लिए उनकी प्रासंगिकता के आधार पर मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम के सामापन सत्र के मुख्य अतिथि डा० आलोक मिश्रा (आई०ए०एस०) संयुक्त सचिव शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार रहे।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने आश्वस्त किया कि संस्थान भविष्य में भी विद्यार्थियों को अपने विचारों को वास्तविक प्रोजेक्ट एवं उपयोगी तकनीकी आविष्कारों में परिवर्तित करने के लिए हर संभव सहयोग एवं मंच प्रदान करता रहेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर नवाचार एवं शोध कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।संस्थान के सचिव डॉ. रजत अग्रवाल कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्यमी एवं राष्ट्र निर्माता हैं। आवश्यकता है कि उनकी कल्पनाशीलता को सही दिशा, संसाधन और प्रोत्साहन मिले।
उन्होने सभी विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार को प्रोत्साहित करना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। समग्र रूप से टेक युवा महोत्सव विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल एवं नवाचार को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि युवा शक्ति में असीम संभावनाएं हैं और उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिलने पर यही युवा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में निदेशक प्रशासन दीपक अग्रवाल, महानिदेशक प्रो० गोविन्द पाण्डेय, सी०टी०ओ० विजय श्रीवास्तव, निदेशक एच०आर० संतोष त्रिपाठी, निदेशक बी०आई०टी० डा० रूप रंजन, निदेशक फार्मेसी डा० आशीष सिंह, निदेशक डिग्री कालेज डा० अरुण पान्डेय, निदेशक मैनेजमेंट कालेज डा० अभिषेक त्रिपाठी, निदेशक डिप्लोमा अभिनव श्रीवास्तव, इं० अंकुर कुमार, इं० प्रतीश कनौजिया, उज्जवल श्रीवास्तव, शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

No Previous Comments found.