छठ पर्व पर 92 घाटों पर सुरक्षा का पहरा, खजनी और उनवल में बड़े वाहनों की नो एंट्री

गोरखपुर : खजनी तहसील में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए खजनी तहसील प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। तहसील क्षेत्र के 92 छठ घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम खजनी कुणाल रस्तोगी और क्षेत्राधिकारी दीपांशी राठौर ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, बैरीकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि खजनी थाना क्षेत्र में 32, सिकरीगंज में 35 और बेलघाट क्षेत्र में 25 छठ घाट बनाए गए हैं। सभी स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है। घाटों की निगरानी के लिए लेखपालों और राजस्व निरीक्षकों की टीमें भी लगाई गई हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उधर, छठ पर्व को लेकर कस्बा खजनी और उनवल के बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया। थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि दोनों कस्बों में बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए नंदापार पेट्रोल पंप, कटघर तिराहा, एसबीआई तिराहा, तहसील तिराहा, टेकवार तिराहा और भिउरी पेट्रोल पंप पर डायवर्जन और पिकेट ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावा कस्बा खजनी में तीन और उनवल में दो मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार भ्रमणशील रहीं, ताकि यातायात सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षा का एहसास हो। प्रशासन ने पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने का भरोसा दिलाया।

रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.