संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में लगी आग, कई बकरियां जिंदा जलीं, लाखों का नुकसान
गोरखपुर - गीडा थाना क्षेत्र के बड़ी कैली गांव में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में बकरीशाला में आग लगने से कई बकरियों और उनके बच्चों की जलकर मौत हो गई। इस अग्निकांड में पीड़ित को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। घटना 17 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित द्वारा गीडा थाने में दी गई लिखित तहरीर के अनुसार, घटना के समय उसकी बकरियां छप्पर के नीचे बंधी हुई थीं। इसी दौरान अचानक बकरीशाला में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी चपेट में आने से कई बकरियां और उनके बच्चे जिंदा जल गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर सहित अन्य संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत की। सूचना मिलने पर गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद पीड़ित ने गीडा थाने में लिखित शिकायत देकर हुए नुकसान की जानकारी दी और मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं गीडा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्टर : हरिगोबिन्द चौबे

No Previous Comments found.