तिरंगे के रंग में रंगा गोरखपुर! CM योगी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज गोरखपुर की सड़कें देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में महानगर में एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान कर दिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
आपको बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क में महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। नगर निगम परिसर से शुरू होकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ सांसद रवि किशन, मंत्री संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, और कई जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दरअसल, इस साल 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में कुल 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने घरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सरकारी और निजी संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर इस अभियान को एक व्यापक जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
जाहिर है गोरखपुर में निकाली गई इस तिरंगा यात्रा ने न सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को याद किया, बल्कि हर नागरिक को अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों और देश की विरासत के प्रति जागरूक भी किया। 5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश अब आजादी के इस महापर्व को धूमधाम से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
No Previous Comments found.