शहर के विकास, स्वच्छता और बेहतर नगर प्रबंधन पर रहेगा फोकस_अजय जैन

गोरखपुर - 2020 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी अजय जैन ने नगर आयुक्त का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने शहर के समग्र विकास,स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और बेहतर नगर प्रबंधन को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। अजय जैन मूल रूप से राजस्थान के माधोपुर जनपद के शिवाड़ गांव के निवासी हैं। उन्होंने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) इलाहाबाद से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री वर्ष 2015 में प्राप्त की। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2019 में ऑल इंडिया रैंक 12 हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

नगर आयुक्त बनने से पूर्व अजय जैन लखनऊ में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर भी कार्यरत रह चुके हैं, जहां उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाया जाएगा। शहर में सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उनके कार्यभार ग्रहण करने से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्टर : कृष्णमोहन सैनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.