गुलाब की कौन सी किस्म देगी किसानों को तगड़ा मुनाफा, जानिए...
आजकल पारंपरिक फसलों के मुकाबले फूलों की खेती किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकती है। फूलों की मांग सालभर बनी रहती है और इनमें गुलाब की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है। शादी समारोह, होटल, मंदिर, बुके, सजावट के साथ कॉस्मेटिक और परफ्यूम इंडस्ट्री में भी गुलाब की अलग-अलग किस्मों की जरूरत होती है। हालांकि खेती शुरू करने से पहले सही किस्म का चुनाव करना बेहद जरूरी है।
कट फ्लावर के लिए ये किस्में रहेंगी बेहतर
अगर किसान गुलाब को डंडी के साथ बेचने की योजना बना रहे हैं तो कट फ्लावर वाली किस्में बेहतर रहती हैं। इनमें लंबी और मजबूत डंडी, बड़ा फूल, आकर्षक रंग और लंबे समय तक ताजा रहने की क्षमता देखी जाती है। लाल, पीले, गुलाबी और सफेद गुलाब की मांग बुके और सजावट में बनी रहती है। कट फ्लावर के लिए हाइब्रिड टी ग्रुप की ताजमहल, सुपरस्टार, डबल डिलाइट, ब्लैक मैजिक और गोल्ड स्ट्राइक जैसी किस्मों को पसंद किया जाता है।
खुशबूदार गुलाबों की भी रहती है अच्छी मांग
अगर किसान फूल बेचने के साथ गुलाब की पंखुड़ियों से गुलकंद, गुलाबजल और इत्र जैसे उत्पाद तैयार करना चाहते हैं तो खुशबूदार किस्में बेहतर विकल्प हो सकती हैं। देशी गुलाब, दमास्क गुलाब और सेंटिफोलिया गुलाब सुगंध के लिए अच्छी किस्में मानी जाती हैं। खासकर दमास्क गुलाब का इस्तेमाल सुगंधित उत्पादों में किया जाता है।
किस्म चुनने से पहले बाजार की जानकारी जरूरी
गुलाब की खेती शुरू करने से पहले यह पता करना जरूरी है कि आसपास फूलों की मांग कहां और कितनी है। यदि क्षेत्र में शादी समारोह, होटल, फूल मंडी या डेकोरेशन का काम अधिक है तो कट फ्लावर वाली किस्में फायदेमंद हो सकती हैं। वहीं गुलकंद, गुलाबजल या इत्र बनाने वाली इकाइयां आसपास हैं तो खुशबूदार गुलाब की खेती बेहतर विकल्प बन सकती है।
मिट्टी और मौसम का भी रखें ध्यान
गुलाब की खेती में मिट्टी और स्थानीय मौसम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए किसी एक किस्म को हर क्षेत्र के लिए सबसे बेहतर नहीं माना जा सकता। किसानों को अपने खेत की स्थिति, मौसम और स्थानीय बाजार को ध्यान में रखकर ही किस्म का चुनाव करना चाहिए।
पौधे खरीदते समय बरतें सावधानी
पौधे खरीदते समय स्वस्थ और अच्छी गुणवत्ता वाली पौध का ही चयन करें। पौधे किसी भरोसेमंद नर्सरी से लेना बेहतर रहता है। खेती शुरू करने से पहले स्थानीय उद्यान विभाग से अपने क्षेत्र के लिए उपयुक्त गुलाब की किस्म और खेती की तकनीक की जानकारी लेना भी फायदेमंद रहेगा। सही किस्म और बाजार की मांग के अनुसार खेती करने से अच्छी गुणवत्ता वाले फूलों के साथ बेहतर आमदनी की संभावना बढ़ सकती है।
No Previous Comments found.