चौपारण ने खोया अपना सपूत,वरिष्ठ नेता रामवतार भारती नहीं रहे

चौपारण : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पाण्डेबारा भारती होटल के संचालक रामवतार भारती के असामयिक निधन से चौपारण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा प्रभाव पड़ा है और लोग इसे स्थानीय समाज के लिए अपूरणीय क्षति मान रहे हैं। रामवतार भारती का जीवन हमेशा समाजसेवा और जनता के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा। वे अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, संघर्षशील प्रवृत्ति और जनता से गहरे जुड़ाव के कारण हमेशा सम्मानित रहे। गरीब और वंचित वर्ग की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और न्यायप्रिय दृष्टिकोण ने उन्हें दलगत सीमाओं से परे सभी वर्गों के बीच लोकप्रिय बनाया।
निधन की सूचना मिलते ही चौपारण एवं आसपास के क्षेत्रों से लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे। अंतिम दर्शन में पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला, पूर्व विधायक रामलखन सिंह, रामफल सिंह, मुनेश्वर यादव, अनिल पांडे, रामकृत सिंह, देवलाल साव सहित समाजसेवी भुनेश्वर यादव और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। नेताओं और समाजसेवियों ने कहा कि रामवतार भारती का जाना समाज के लिए एक युगांतकारी क्षति है। उनके आदर्श, विचार और निस्वार्थ सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उनके जीवन का हर पहलू संघर्ष, नैतिकता और समाजसेवा का उदाहरण रहा।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.