बाल दिवस व झारखंड स्थापना दिवस पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौथा में रंगारंग कार्यक्रम
विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ प्रखंड के अलपिटो पंचायत मे स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चौथा में बाल दिवस, झारखंड स्थापना दिवस तथा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत के मुखिया विनोद रजक ने पंडित नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।
इसके बाद बच्चों द्वारा नृत्य, गीत, कविता तथा लोक संस्कृति से जुड़े कई आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें विद्यालय के शिक्षकों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और आए हुए अभिभावकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, मध्य विद्यालय के सीआरपी तथा बाल संसद के प्रधानमंत्री और उप प्रधानमंत्री ने भी माल्यार्पण कर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की तैयारी में शिक्षिका स्वाति सुमन, सुशीला कुमारी और मीनू कुमारी ने बच्चों को विशेष सहयोग प्रदान किया।
मुखिया विनोद रजक ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और नियमित विद्यालय आने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सीआरपी सतीश मिश्रा ने बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जीवनी से परिचित कराया, वहीं शिक्षक दीपक कुमार मुंडा ने झारखंड की गौरवशाली संस्कृति और इतिहास पर विस्तार से जानकारी दी।
अंत में बाल दिवस के अवसर पर मुखिया विनोद रजक द्वारा बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित की गई, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम सफल और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
रिपोर्टर : संदीप मिश्रा


No Previous Comments found.